मांडल (भीलवाड़ा)। मांडल कस्बे के नानकपुरा गांव स्थित कंचन इंडिया लिमिटेड में बुधवार को एक हादसे में बालेसरिया पंचायत निवासी लादू लाल बेरवा की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लादू लाल बेरवा फैक्ट्री में मजदूरी का कार्य कर रहा था। इसी दौरान कपड़े के गोदाम की छत पर लगा एक टीन शेड गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की खबर फैलते ही फैक्ट्री के बाहर बड़ी संख्या में मजदूर, ग्रामीण और मृतक के परिचित एकत्र हो गए। लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना पर मांडल थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा भीड़ को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। उल्लेखनीय है कि कंचन इंडिया लिमिटेड के सामने ही मांडल थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी स्थित है, जिसके पुलिसकर्मी भी तत्काल मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और अन्य तथ्यों का खुलासा जांच तथा आगे की कार्रवाई के बाद ही हो सकेगा। मृतक के शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है लेकिन इस दौरान कंचन इंडिया लिमिटेड में मजदूर की मौत के बाद मुआवजे और न्याय की मांग को लेकर ग्रामीणों व मजदूरों ने फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है और लादू लाल को न्याय दो न्याय दो के नारे लगा रहे है । जबकी मौके पर पुलिस व प्रशासन तैनात है और समझाइश और वार्ता का दौर जारी है । शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गा है और श्रमिक सहित ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए है । इस बीच विधायक शाहपुरा प्रत्याशी नरेंद्र रैगर भी मौके पर पहुंचे है जहां वह भी सड़क पर बैठ कर उचित न्याय की मांग कर रहे है ।
