मरम्मत के चलते हमीरगढ़ का समपार फाटक 73 तीन दिन रहेगा बंद, वाहन चालकों को लेना होगा वैकल्पिक मार्ग

भीलवाड़ा, 28 अक्टूबर

स्मार्ट हलचल|उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल की ओर से रेल पटरियों की आवश्यक मरम्मत के चलते हमीरगढ़ स्टेशन के समीप स्थित समपार फाटक संख्या 73 को तीन दिन के लिए बंद रखा जाएगा। इस दौरान इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्ते का उपयोग करना होगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार हमीरगढ़ समपार फाटक संख्या 73, जो किलोमीटर संख्या 149/0-1 पर स्थित है, पर आवश्यक रेल मरम्मत कार्य किया जाना प्रस्तावित है। इसके चलते फाटक 29 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से 31 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे तक बंद रहेगा।
फाटक बंद रहने के दौरान सड़क यातायात के लिए वाहन चालक तख्तपुरा अंडरब्रिज का उपयोग कर सकेंगे। यह अंडरब्रिज रेलवे के किलोमीटर संख्या 151/7-8 पर स्थित है। रेलवे प्रशासन ने संबंधित मार्ग से आवागमन करने वाले वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्ग अपनाएं, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
रेलवे प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित अवधि के दौरान यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें और अपनी यात्रा की योजना वैकल्पिक मार्ग को ध्यान में रखकर बनाएं।