राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी|स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार के निर्देश से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, जनकल्याण एवं लोकमंगल की कामना को लेकर श्रीचारभुजा मंदिर परिसर स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर में विशेष वर्षा पूजन एवं रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उपखंड अधिकारी तानिया रिणवा के निर्देशन में संपन्न हुआ जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने भाग लेकर भगवान शिव का अभिषेक किया तथा क्षेत्र में उत्तम वर्षा, खुशहाली एवं विकास की कामना की। कार्यक्रम के दौरान भगवान सर्वेश्वर महादेव का पण्डित विष्णु शर्मा के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दुग्ध, जल एवं पंचामृत से अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में शांति, समृद्धि, अच्छी वर्षा तथा जनकल्याण की प्रार्थना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की निरंतर प्रगति, सामाजिक समरसता एवं आमजन के कल्याण की भी कामना की। उपखंड अधिकारी तानिया रिणवा ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव एवं एकता को मजबूत करती हैं। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ लोककल्याण की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष प्रहलाद सेन, उपखण्ड के प्रशासनिक अधिकारी पारस गोधा, ब्लॉक कॉर्डिनेटर शान्ति लाल पोखरना, मन की बात मण्डल संयोजक अनिल तिवाड़ी, महामंत्री राघव आचार्य, पंचायत समिति सदस्य राजकुमार तेली, धर्मचंद जीनगर, लक्ष्मीलाल जीनगर, लालचंद टेलर, अमित चेचाणी सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव के जयघोष के साथ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, किसानों की समृद्धि तथा आमजन के सुखमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था एवं धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
