राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी|स्मार्ट हलचल।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कोटड़ी ब्लॉक में विकास एवं जनकल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान, आत्मनिर्भरता एवं सम्मान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं जिनका लाभ लेकर महिलाएं आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। वही उपखण्ड अधिकारी तानिया रिणवा ने अपने संबोधन में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण किसी भी समाज के विकास की आधारशिला है और सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मचंद जीनगर, भोजपुर सरपंच शंकर गुर्जर एवं राजीविका कार्मिक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोशी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रकाश गाडरी, ब्लॉक परियोजना प्रबंधक मुकेश कुमार, क्लस्टर मैनेजर ललिता रजक, एआरपी भूपेन्द्र सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग (आईसीडीएस) के कार्मिकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में राजीविका से जुड़ी लगभग 100 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं को स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन, बचत, वित्तीय सशक्तिकरण, महिला अधिकार, पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा आंगनबाड़ी सेवाओं के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इस दौरान विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
