करवा चौथ पर पति-परिवार के साथ समाज और राष्ट्र की खुशहाली की भी करें कामना : डॉ. वंदना वजीरानी

समय के साथ बदल रही सुहाग पर्व की सोच, परिवार की सुख-समृद्धि के साथ राष्ट्र की प्रगति और खुशहाली की कामना का संदेश

चित्तौड़गढ़|स्मार्ट हलचल|करवा चौथ को आम बोलचाल में सुहाग पर्व भी कहा जाता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं चंद्रमा की पूजा कर अपने पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की कामना करती हैं। समय के साथ इस पारंपरिक पर्व की सोच में भी बदलाव आ रहा है। आज महिलाएं परिवार की उन्नति में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के साथ समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए भी प्रार्थना कर रही हैं।चित्तौड़गढ़ अरबन कॉआपरेटिव बैंक की प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी ने करवा चौथ के अवसर पर संदेश देते हुए कहा कि सुहागिन महिलाएं पति और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ समाज और राष्ट्र के समर्थ, सक्षम तथा समृद्ध बनने की प्रार्थना भी करें। राष्ट्र खुशहाल होगा तो परिवार भी खुशहाल बनेगा।

नारी की प्रार्थना में है शक्ति

डॉ. वजीरानी ने कहा कि नारी अब परिवार को आगे बढ़ाने में हर कदम पर पुरुष का साथ निभा रही है। करवा चौथ जैसे पारंपरिक पर्व परिवार के प्रति प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक हैं। इस अवसर पर परिवार की सुख-समृद्धि के साथ समाज में खुशहाली और राष्ट्र की उन्नति की कामना भी की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि से ही समाज और परिवार की खुशहाली का मार्ग प्रशस्त होता है। नारी की प्रार्थना में वह शक्ति है, जो असंभव को भी संभव बना देती है।

सभी के जीवन में खुशियों का नया सवेरा आए

डॉ. वंदना वजीरानी ने सभी बहनों और उनके परिवारों को करवा चौथ की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियों का नया सवेरा लेकर आए तथा समाज और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ें।