अमरगढ़ में हजरत सैयद फैज अली सरकार का 58वां उर्स शुरू, शनिवार को अकीदत के साथ पेश की गई झंडे की रस्म

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल।कस्बे में स्थित हजरत सैयद फैज अली सरकार रहमतुल्ला अलेह का 58वां सालाना उर्स शनिवार को झंडे की रस्म के साथ अकीदत और एहतराम से शुरू हो गया है। उर्स के आगाज को लेकर दरगाह परिसर में सुबह से ही रूहानी रौनक नजर आई और जायरीनों की आवक शुरू हो गई।​शनिवार को आयोजित झंडे की रस्म के दौरान रजा-ए-मुस्तफा कमेटी के सदस्यों ने काछोला के पेश इमाम शाह आलम व कमेटी के सदर सतार बिसायती,काछोला दरगाह कमेटी के सदर हाजी शरीफ मोहम्मद मंसूरी तथा हाजी साबिर रंगरेज के सानिध्य में दरगाह शरीफ पर अकीदत का झंडा पेश किया। दोपहर बाद दरगाह परिसर में कुरान ख्वानी हुई व रात को मिलाद शरीफ का विशेष आयोजन हुआ, जिसमें नात-ए-पाक की तिलावत की गई।

*रविवार ​आज बाजार से गश्त करता हुआ निकलेगा चादर शरीफ का जुलूस*

​नायब सदर फैज मोहम्मद बागवान ने बताया कि रविवार दोपहर बाद चादर शरीफ का मुख्य जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस सदर सतार बिसायती के मकान से शुरू होकर कस्बे के मुख्य बाजारों से गश्त करता हुआ शाम को दरगाह पहुंचेगा, जहां मजार शरीफ पर पारंपरिक रूप से मखमली चादर पेश की जाएगी। रविवार रात 9 बजे से महफिल-ए-कव्वाली का शानदार प्रोग्राम होगा, जिसमें सरवाड़ के मशहूर इंटरनेशनल कव्वाल नौशाद शोला व कव्वाल अनवर भाई बेगूं सूफियाना कलाम पेश करेंगे। इससे पूर्व जूनियाँ दरगाह के सज्जादानशीन हजरत सूफी डॉ. अब्दुल लतीफ शाह (अन्ना मिया )भी शिरकत करेंगे।

*​काछोला से पैदल यात्रियों का जत्था होगा शामिल*

​उर्स के मुबारक मौके पर काछोला से अकीदतमंदों और जायरीनों का एक विशाल पैदल जत्था अमरगढ़ के लिए रवाना होगा। यह जत्था पैदल सफर तय कर अमरगढ़ पहुंचेगा और चादर शरीफ के मुख्य जुलूस में बाकायदा शरीक होकर दरगाह में सामूहिक चादर पेश करेगा।
​झंडे की रस्म में पीर मोहम्मद,सूफ़ी कय्यूम,सिराजुद्दीन, अब्दुल कलाम,सलीम भिश्ती,महबूब अली, इमरान खान, फिरोज खान,मोहम्मद सादिक,सहित कमेटी के तमाम सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय अकीदतमंद मौजूद रहे।