एजाज़ अहमद उस्मानी
मेड़ता रोड|स्मार्ट हलचल।नागौर शहर में यातायात व्यवस्था संभाल रहे एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल कैलाश पुत्र मदनराम जाट (47), निवासी रूपासर ईनाणा, थाना मूंडवा, वर्तमान में यातायात थाना नागौर में कार्यरत हैं। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि उनकी ड्यूटी गांधी चौक पर यातायात व्यवस्था में लगी हुई थी और वे राजकीय कार्य का निर्वहन कर रहे थे।
इसी दौरान एक पिकअप वाहन, जिसके शीशे काले थे तथा आगे लोहे का बंपर लगा हुआ था, वहां से गुजर रहा था। संदेह होने पर पुलिसकर्मी ने वाहन को रुकवाकर जांच की। वाहन का नंबर आरजे-07 जीडी 9121 बताया गया है। जांच के दौरान चालक देवेन्द्रनाथ सिद्ध तथा उसके साथ मौजूद गणेशनाथ सिद्ध से वाहन के कागजात मांगे गए, लेकिन वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
रिपोर्ट के अनुसार इसी दौरान दोनों आरोपी वाहन को यातायात थाने ले जाने के बजाय हेड कांस्टेबल को जबरन अपने साथ वाहन में बैठाकर बीकानेर रोड स्थित पुराने अस्पताल की ओर ले गए। वहां आरोपियों ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान हेड कांस्टेबल के हाथ और कलाई पर दांतों से काटकर चोट पहुंचाई गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना कोतवाली, नागौर में प्रकरण संख्या 183/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 121(1), 132, 127(2), 140(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी रोष व्याप्त है, क्योंकि ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारी के साथ इस प्रकार की घटना को गंभीर अपराध माना जा रहा है।