अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जवाजा में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया गया। नए भवन शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा एवं आधुनिक जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ रहे, जबकि अध्यक्षता ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने की। विशिष्ट अतिथि निवर्तमान प्रधान पंचायत समिति जवाजा गणपत सिंह रावत रहे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत देवता की प्रशासक पानी देवी एवं ग्राम पंचायत जवाजा की प्रशासक सुमन सोनी भी मौजूद रहीं।
BPHU के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर आधुनिक जांच सुविधाओं के साथ सेंट्रल इंटीग्रेटेड लैब की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण जांच के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। वहीं CHC के नए भवन में मरीजों के लिए चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने कहा कि नए भवनों के लोकार्पण से जवाजा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। अतिरिक्त CMHO डॉ. लोकेश कुमावत ने बताया कि CHC को जल्द ही NQAS स्तर से प्रमाणित करवाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
मुख्य अतिथि हनुमान सिंह राठौड़ ने चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मचारियों से निष्ठा और सेवाभाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार स्थानीय स्तर पर ही मिले, ताकि उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।
विधायक शंकर सिंह रावत ने कहा कि नवीन भवन राज्य सरकार की आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। इससे जवाजा एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा और जांच सेवाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में डॉ. अनुज पिंगोलिया, डॉ. रामप्रकाश शर्मा, चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
