भवानी निकेतन में 1000 से अधिक लोगों ने हार्टफुलनेस के साथ किया योग एवं ध्यान

जयपुर, 21 जून 2026।
स्मार्ट हलचल।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की सहभागिता में हार्टफुलनेस संस्था द्वारा श्री भवानी निकेतन शिक्षा समिति के सहयोग से जयपुर में श्री भवानी निकेतन कॉलेज प्रांगण में श्री राज्यवर्धन सिंह इनडोर स्टेडियम, जयपुर में एक भव्य और प्रेरणादायक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मौसम के अप्रत्याशित परिवर्तन से हुई बारिश के बावजूद इस आयोजन में 1000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हार्टफुलनेस के योग प्रशिक्षकों द्वारा ऊर्जावान योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने योगासन, ध्यान मुद्रा, प्राणायाम जैसे विभिन्न योगिक अभ्यासों को सीखा और अनुभव किया।

*ब्राइटर माइंड का रहा आकर्षण :*

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा हार्टफुलनेस ध्यान, जिसने उपस्थित लोगों को भीतर की शांति और आत्मिक संतुलन का अनुभव कराया। इसके साथ ही ब्राइटर माइंड्स तकनीक का परिचय भी दिया गया, जिससे बच्चों और युवाओं में मानसिक क्षमताओं को जागृत करने की प्रेरणा मिली। ब्राइटर माइंड्स के छात्रों ने आंखों पर पट्टी बांध कर केवल वस्तुओं को छूकर और महसूस करके पहचाना, कार्ड्स को पढ़ा और कई अन्य आश्चर्यजनक कारनामे दिखाए।

बहुत से गणमान्य अतिथियों ने एवं सभी आयु वर्ग के लोगों ने इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई और गहन रुचि के साथ हर तकनीक को सराहा। कुछ प्रतिभागियों ने कहा कि “आज के इस कार्यक्रम ने केवल शरीर ही नहीं, बल्कि आत्मा को भी छू लिया।”

कार्यक्रम का उद्देश्य योग को केवल एक शारीरिक व्यायाम के रूप में नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन पद्धति के रूप में प्रस्तुत करना था – जहाँ शरीर, मन और आत्मा तीनों में संतुलन स्थापित हो सके।

हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षकों ने सरल और प्रभावशाली तरीके से प्रतिभागियों को ध्यान का अभ्यास कराया, जिससे उन्हें तत्काल शांति, जागरूकता और मानसिक स्पष्टता का अनुभव हुआ।

इस आयोजन ने यह सिद्ध किया कि जब योग और ध्यान को सही भावना और मार्गदर्शन के साथ किया जाए, तो यह केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि एक जीवन की दिशा बन जाता है।