सड़कों के ऊपर से बह रहा पानी, ग्रामीण घरों में कैद होने को मजबूर — जलनिकासी की व्यवस्था न होने से बढ़ी परेशानी
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर धाता विकासखंड की ग्राम सभा बसवा में लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। गांव के चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। कई स्थानों पर सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है। जलभराव के कारण प्राथमिक विद्यालय और एएनएम सेंटर भी पानी से घिर गए हैं।
कंपोजिट विद्यालय के आसपास भारी जलभराव होने से छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है। विद्यालय परिसर में लगा हैंडपंप भी पानी में डूबा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण कच्चे मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पानी गांव में ही जमा होता जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव के लगभग सभी तालाब भर चुके हैं। इसके चलते बारिश का पानी बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा है। कई परिवारों को घरों में ही रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लगातार पानी के बहाव और जलभराव के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीण धनराज, शिवकरण, वीरेंद्र, इंद्रपाल, लक्ष्मण, विजय, रमेश, कैरा आदि ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय की बाउंड्रीवॉल का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। इसके कारण बारिश का पानी विद्यालय परिसर में प्रवेश कर रहा है। गांव के अधिकांश तालाब भी भर चुके हैं, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। मामले की सूचना खंड शिक्षा अधिकारी समेत उच्च अधिकारियों को दी गई है। उन्होंने बताया कि जलभराव के कारण बच्चों और शिक्षकों को विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सचिव राजेंद्र सिंह ने बताया कि जलभराव कि समस्या की सूचना पर जेसीबी मशीन की सहायता से पानी निकालने की व्यवस्था कराई गई हैनिचली सतह होने के कारण आसपास के गांव का पानी आने से यहां की समस्या और विकराल हो रही है
