अनिल कुमार
स्मार्ट हलचल|ब्यावर शहर में लगातार पैर पसारते जल संकट, अनियमित जलापूर्ति, लो-प्रेशर और दूषित पानी की समस्या को लेकर सोमवार को हिंदू हेल्पलाइन ने जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने दो टूक शब्दों में प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जनता को इस समस्या से जल्द निजात नहीं मिली, तो जलदाय विभाग के दफ्तर के बाहर बड़ा जनआंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इन इलाकों में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग
हिंदू हेल्पलाइन के नगर महामंत्री मनीष व्यास ने बताया कि संगठन के प्रांत अध्यक्ष मुकेश सोनी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में शहर के कई इलाकों की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता जताई गई है। वर्तमान में शहर के:
बिचड़ली गुजरात मोहल्ला,विजयनगर रोड व बलाड रोड,सेंदड़ा रोड (प्रेम नगर, भाटी नगर),बजरंग कॉलोनी और क्रांति नगर,सहित कई क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
जलदाय विभाग के सामने रखी गईं 4 मुख्य मांगें:
नियमित और स्वच्छ पानी: शहर के हर हिस्से में शुद्ध और पर्याप्त पेयजल की नियमित सप्लाई सुनिश्चित हो।
लो-प्रेशर से मुक्ति: कई इलाकों में प्रेशर कम होने से पानी घरों तक नहीं पहुँच रहा, इसका स्थायी समाधान किया जाए।
लीकेज और मरम्मत: क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों को तुरंत सुधारा जाए ताकि पानी की बर्बादी और गंदे पानी की मिक्सिंग रोकी जा सके।
टैंकरों से सप्लाई: जिन क्षेत्रों में पानी का गंभीर संकट है, वहाँ तुरंत अतिरिक्त टैंकर भिजवाए जाएं।
भीषण गर्मी में फूटा जनता का आक्रोश
ज्ञापन देने पहुंचे पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस भीषण गर्मी में भी उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। कई जगहों पर गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
“ब्यावर फिर बन सकता है आंदोलन का केंद्र”
संगठन के पदाधिकारियों ने अधिकारियों को याद दिलाया कि ब्यावर शहर पहले भी पानी की समस्या को लेकर बड़े-बड़े जनआंदोलनों का गवाह रहा है। यदि प्रशासन ने इस ज्ञापन को हल्के में लिया, तो जनता सड़क पर उतरने को मजबूर होगी।
ये रहे मौके पर मौजूद:
इस दौरान प्रांत अध्यक्ष मुकेश सोनी, विधिक सलाहकार एडवोकेट कपिल जालवाल, नगर महामंत्री मनीष व्यास, नगर उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, विक्रम रल, संगठन मंत्री बंटी कुमावत, सहसंगठन मंत्री कमलेश रावत, राजू गुर्जर, कपिल सोनी, मनोज जैन, दीपक अटवाल, नवीन कुमार, हिमांशु सिंह चौहान, रामदेव सिंह, भोजराज सिंह, संजय शर्मा सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता और पीड़ित शहरवासी उपस्थित रहे।
