उलेला गांव में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, झाड़ियों से घिरी डीपी में लगी भीषण आग

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल|उलेला गांव में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। गांव में स्थित विद्युत डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफॉर्मर) में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफॉर्मर से ऊंची लपटें उठने लगीं और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की अनदेखी और समय पर रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार, बिजली विभाग आए दिन “मेंटेनेंस” के नाम पर घंटों बिजली कटौती करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं किया जाता। जिस डीपी में आग लगी, उसके चारों ओर लंबे समय से सूखी झाड़ियां और पेड़-पौधे उगे हुए थे। कई बार विभाग को इसकी सूचना देने के बावजूद सफाई नहीं कराई गई। गर्मी और अधिक लोड के कारण ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग हुई और झाड़ियों ने आग को तेजी से फैलने में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि कुछ देर तक ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह धधकता रहा। समय रहते ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि आग आसपास के पेड़ों या घरों तक पहुंच जाती, तो भारी नुकसान हो सकता था।
गांव के लोगों में बिजली विभाग के प्रति गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग केवल कागजी मेंटेनेंस कर रहा है, जबकि जर्जर उपकरण, ओवरलोड ट्रांसफॉर्मर और असुरक्षित विद्युत ढांचे की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। लोगों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और गांव की विद्युत व्यवस्था का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल इस घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।