स्वागत एवं सम्मान समारोह में अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवा उपलब्ध कराने पर दिया जोर
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। जिले में कार्यरत सरकारी फार्मासिस्टों द्वारा रविवार को नव चयनित फार्मासिस्टों के स्वागत एवं पदोन्नत फार्मासिस्टों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश कुमार भटनागर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र वैष्णव तथा जिला परियोजना समन्वयक कमलेश शर्मा उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी कमलेश तेली ने बताया कि समारोह में सीएमएचओ डॉ. राकेश कुमार भटनागर ने फार्मासिस्टों को स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके दायित्वों पर प्रकाश डाला। उन्होंने नव चयनित एवं पदोन्नत फार्मासिस्टों को बधाई देते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र वैष्णव ने कहा कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं से लेकर कोरोना महामारी जैसे चुनौतीपूर्ण दौर में फार्मासिस्टों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने उन्हें स्वास्थ्य व्यवस्था के मजबूत स्तंभ बताते हुए बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया।
जिला परियोजना समन्वयक कमलेश शर्मा ने दवाओं की गुणवत्ता, उचित भंडारण, तापमान नियंत्रण एवं सप्लाई चेन प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए फार्मासिस्टों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
इंडियन फार्मास्युटिकल एसोसिएशन (आईपीए) के जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने नव चयनित एवं पदोन्नत फार्मासिस्टों को शुभकामनाएं दीं। वहीं राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ, जिला शाखा चित्तौड़गढ़ के जिलाध्यक्ष उमेश चौहान ने मरीजों को सही समय पर दवा उपलब्ध कराने, दवा पर्ची को सही ढंग से समझने तथा अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने पर बल दिया।
समारोह में देवेश बंसल, विनोद टेलर एवं पंकज मीणा का पदोन्नति पर सम्मान किया गया। इस दौरान फार्मासिस्ट देवेश बंसल, नेहा व्यास एवं आरती दशोरा ने फार्मासिस्ट की भूमिका पर आधारित कविताएं प्रस्तुत कीं, जबकि महेंद्र चौहान ने प्रेरक गीत के माध्यम से सभी का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं ड्रग वेयरहाउस में कार्यरत बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट उपस्थित रहे। अंत में भरत धाकड़, हरीश मंडोरा, सोमिका छिपा, कमलेश तेली, धन्नालाल सालवी, विनोद टेलर एवं पंकज मीणा सहित अन्य वक्ताओं ने चिकित्सा क्षेत्र में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए तथा सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।
