इंदिरा गांधी स्टेडियम में जुटेंगे जिले के युवा खिलाड़ी, चयनित प्रतिभाएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगी प्रतिनिधित्व
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में जिला स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स बालक-बालिका प्रतियोगिता का आयोजन 19 एवं 20 जुलाई 2026 को इंदिरा गांधी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी 17 एवं 18 अगस्त को अजमेर में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सूर्य प्रकाश गर्ग एवं अध्यक्ष सोमेश त्यागी ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन सचिव कमल सिंह चूण्डावत ने बताया कि अंडर-20 वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500 एवं 5000 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, ट्रिपल जंप, शॉटपुट, डिस्कस, जेवलिन तथा हैमर थ्रो स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
अंडर-18 वर्ग में 100, 200, 400 एवं 1000 मीटर दौड़ के साथ ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक एवं भाला फेंक प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं अंडर-16 वर्ग में 60 मीटर, 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट एवं जेवलिन थ्रो तथा अंडर-14 वर्ग में 60 मीटर दौड़, गोला फेंक एवं बॉल थ्रो स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद सी.पी. जोशी होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक चंद्रभान सिंह आक्या करेंगे।
संघ ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आधार कार्ड एवं आयु प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।
आयु वर्ग
- अंडर-14: 28 अक्टूबर 2012 से 27 अक्टूबर 2014 के बीच जन्म।
- अंडर-16: 28 अक्टूबर 2010 से 27 अक्टूबर 2012 के बीच जन्म।
- अंडर-18: 28 अक्टूबर 2008 से 27 अक्टूबर 2010 के बीच जन्म।
- अंडर-20: 28 अक्टूबर 2006 से 27 अक्टूबर 2008 के बीच जन्म।
जिला एथलेटिक्स संघ ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
