अब हाथ पकड़ ही लिया है तो साथ पूरा निभाना….. सत्ता के ‘मंडप’ में सियासी मोहब्बत

कुर्सी के बदले कुर्सी,सम्मान की डोर दूसरे के हाथ में सौंपी है ।

विशेष राजनीतिक रिपोर्ट आकाश शर्मा

चित्तौड़गढ़ l स्मार्ट हलचल|​चित्तौड़गढ़ की राजनीति में बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर जिस ‘सियासी कश्मकश’ और पटाक्षेप का इंतज़ार हो रहा था, उसका शुभ मुहूर्त आखिरकार आ ही गया। आंकड़ों के खेल और बराबरी की टक्कर के बीच जब लगा कि बाजी किसी भी करवट बैठ सकती है, तब कलेक्ट्री परिसर में दोपहर 2 बजकर 40 मिनट पर रुकी एक ‘अरमानिया’ ने सारे समीकरण बदल दिए। गाड़ी से सबसे पहले भंवर सिंह और शंकरी बाई भील का उतरना, और फिर भंवर सिंह के हाथ में शंकरी का हाथ थामकर निर्वाचन कक्ष रूपी ‘मंडप’ की ओर बढ़ चलना,यह दृश्य चित्तौड़गढ़ की सियासत में लंबे समय तक याद रखा जाएगा । पीछे चलते भाजपा के वे 14 सदस्य मानो इस अनूठे सियासी गठबंधन की बारात और गवाह बनकर आए हों ।
​ 14-14 की बराबरी और एक ‘विश्वास’ का वोट
​पंचायत समिति के चुनाव में जब भाजपा और कांग्रेस दोनों को 14-14 वोट मिले, तो सियासी गलियारों में ऊहापोह की स्थिति स्वाभाविक थी । एक तरफ कांग्रेस के चरण सिंह अपने 14 प्रत्याशियों के भरोसे थे, तो दूसरी तरफ भाजपा के पास 14 का आंकड़ा था। ऐसे नाज़ुक मोड़ पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) से जीती प्रत्याशी शंकरी बाई भील का एक वोट निर्णायक साबित हुआ । भाजपा के 14 और शंकरी बाई भील के 1 वोट के साथ आंकड़ा 15 पर पहुंचा और भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी प्रधान की कुर्सी पर काबिज हो गए । पंचायत समिति में भाजपा का बोर्ड बन गया, लेकिन इस जीत की असली इबारत उस एक वोट और उस थामे हुए हाथ ने लिखी ।
​ कुर्सी, मान-सम्मान और ‘साथ’ निभाने की कसौटी
​राजनीति में गठबंधन अक्सर स्वार्थ और गणित की बिसात पर बिछाए जाते हैं, लेकिन जब इसमें भरोसे और ‘साथ’ का रंग घुलता है, तो अपेक्षाएं भी उतनी ही गहरी हो जाती हैं। शंकरी के वोट से प्रधान बने भंवर सिंह के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती इसी विश्वास को कायम रखने की है। आने वाला हर दिन इस रिश्ते की मजबूती को परखेगा ।
​सियासी गलियारों में यह चर्चा आम है कि शंकरी का मन तो अब मानो किसी पुराने, जज़्बाती गीत की धुन गुनगुना
रहा हो, हाथों की लकीरो मे लिखा है तेरा मेरा दिल का रिश्ता है हर धड़कन ये ही…… कि अब हाथ पकड़ ही लिया है भंवर, तो साथ पूरा निभाना ! यह केवल एक फिल्मी पंक्ति नहीं, बल्कि उस सियासी सौदे और भरोसे का तकाज़ा है, जिसमें एक जनप्रतिनिधि ने कुर्सी के बदले कुर्सी और अपनी पार्टी के मान-सम्मान की डोर दूसरे के हाथ में सौंपी है ।
सियासत की राह आसान नहीं
​निर्वाचन कक्ष के भीतर वोट पड़ने के साथ ही एक अध्याय तो पूरा हो गया, लेकिन सत्ता चलाने और वादों को निभाने का असली सफर अब शुरू हुआ है। चित्तौड़गढ़ की इस सियासी ‘शादी’ में 14 बारातियों की गवाही तो दर्ज हो गई, पर यह गठबंधन कितना लंबा और मजबूत चलेगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि भंवर सिंह उस थामे हुए हाथ का मान किस तरह रखते हैं। राजनीति में मोहब्बत और समीकरण दोनों ही नाज़ुक होते हैं, जहाँ ज़रा-सी चूक आंकड़ों को फिर पलट सकती है। इसलिए, सियासी ‘साथ’ निभाना ही अब सबसे बड़ा धर्म है ।