अक्टूबर में ‘पत्रकारों के लिए पत्रकार’ यूट्यूब चैनल लॉन्च करने की तैयारी, प्रेस स्वतंत्रता और पेशेवर मुद्दों को मिलेगा मंच
मदन मोहन गर्ग
जयपुर, स्मार्ट हलचल। पत्रकारों की प्रेस स्वतंत्रता, सुरक्षा और पेशेवर अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) राजस्थान की ओर से समर्पित डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया जाएगा। संगठन ने ‘आईएफडब्ल्यूजे राजस्थान’ नाम से यूट्यूब चैनल शुरू करने की घोषणा की है, जिसके अक्टूबर में लॉन्च होने की संभावना है।
आईएफडब्ल्यूजे राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि पत्रकारों को अपनी समस्याओं और पेशेवर चुनौतियों के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाने की जरूरत है। प्रस्तावित मंच पर पत्रकारों पर दबाव, धमकी, उत्पीड़न, समाचार संकलन में आने वाली बाधाओं और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों को सामने रखा जाएगा।
राठौड़ ने कहा कि कई बार प्रभावशाली व्यक्तियों या संस्थाओं से जुड़े मामलों को पर्याप्त मीडिया कवरेज नहीं मिल पाता। ऐसे में ‘पत्रकारों द्वारा, पत्रकारों के लिए’ स्वतंत्र मंच की आवश्यकता महसूस हुई है। उन्होंने अपने 19 दिन के धरने का उल्लेख करते हुए कहा कि उसे अपेक्षित मीडिया कवरेज नहीं मिल सका।
प्रस्तावित चैनल प्रारंभिक स्तर पर स्व-वित्तपोषित मॉडल पर संचालित होगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारों को जोड़कर उनके स्थानीय एवं पेशेवर मुद्दों को व्यापक मंच देने का प्रयास किया जाएगा। संगठन के अनुसार, इसका उद्देश्य केवल न्यूज चैनल बनाना नहीं, बल्कि पत्रकारों की सामूहिक और स्वतंत्र आवाज को मजबूत करना है।
