भयमुक्त एवं निष्पक्ष मतदान का दिया संदेश, असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
गंगापुर सिटी।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार शाम एएसपी नारायण लाल शर्मा, सीओ गिर्राज मीणा सहित कोतवाली थाना प्रभारी करण सिंह राठोर, उदेई मोड़ थाना प्रभारी मदरूपसिंह गुर्जर व सदर थानाधिकारी सुशीला मीणा के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च कोतवाली थाने से शुरू होकर देवी स्टोर बाजार, चौपड़ बाजार, सर्राफा बाजार, बालाजी चौक, कैलाश टॉकीज मार्ग, जामा मस्जिद, फव्वारा चौक व नया बाजार होते हुए वापस कोतवाली थाने पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त माहौल में निष्पक्ष मतदान करने की अपील की।
पुलिस ने अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों, संदिग्ध गतिविधियों तथा मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
