अनिल कुमार
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत 29 प्रकरणों के माल का हुआ निस्तारण
ब्यावर |स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोमवार को ब्यावर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध सख्त संदेश देते हुए भारी मात्रा में जब्तशुदा नशीले पदार्थों को नष्ट किया। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, विभिन्न थानों में दर्ज 29 मामलों से संबंधित 1623 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त, गांजा और अफीम के पौधों का भस्मीकरण किया गया।
श्री सीमेंट फैक्ट्री में हुई नष्टीकरण की प्रक्रिया
नष्टीकरण की यह कार्यवाही NDPS एक्ट की धारा 52A के तहत कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद अमल में लाई गई। जिले के समस्त थानाधिकारी अपने-अपने थानों में जब्त माल लेकर श्री सीमेंट फैक्ट्री पहुंचे। यहाँ गठित विशेष नष्टीकरण समिति की मौजूदगी में पुलिस ने अवैध खेप को जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया।
समिति की निगरानी में पारदर्शिता
पूरी कार्यवाही के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इसकी विडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई गई। इस अवसर पर गठित समिति के अध्यक्ष जिला पुलिस अधीक्षक, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, और साइबर थानाधिकारी सहित विभिन्न थानों के अधिकारी मौजूद रहे।
नष्ट किए गए पदार्थों का विवरण:
डोडा पोस्त: 1613 किलोग्राम
अफीम के पौधे: 5.46 किलोग्राम
गांजा: 4.55 किलोग्राम
कुल मात्रा: 1623 किलोग्राम
पुलिस अधीक्षक का कथन:
“पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। न्यायालय से आदेश प्राप्त कर नियमानुसार आज भारी मात्रा में नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया है, ताकि थानों के मालखानों का निस्तारण हो सके और नशा तस्करी पर लगाम कसी जा सके।”
