स्मार्ट हलचल|हरनावदाशाहजी कस्बे में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को लेकर अब ग्राम पंचायत एक्शन मोड में नजर आ रही है। कस्बे के मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण को देखते हुए ग्राम पंचायत ने व्यापारी वर्ग को सख्त समझाइश देते हुए सड़क से अतिक्रमण हटाने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सड़क तक सामान फैलाकर अतिक्रमण कर रहे हैं, जिससे पहले से ही दबाव झेल रहे मार्ग और अधिक संकरे हो गए हैं। नतीजतन, दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों मेला मैदान स्थित बायपास निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसके चलते वैकल्पिक मार्ग बंद है। ऐसे में विवेकानंद सर्किल, मनोहरथाना मार्ग और छीपाबड़ौद मार्ग पर यातायात का दबाव अचानक बढ़ गया है। यही कारण है कि कस्बे में बार-बार जाम के हालात बन रहे हैं और स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्राम विकास अधिकारी देवलाल नागर के नेतृत्व में ग्राम पंचायत टीम ने बाजार क्षेत्र का दौरा किया। टीम ने एक-एक दुकानदार से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर सड़क पर रखे सामान को हटाने की समझाइश दी और भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। पंचायत ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो आगामी दिनों में प्रशासनिक कार्रवाई भी की जा सकती है। देर शाम पुलिस विभाग ने पहुंच दुकानदार को सड़क पर सामान नही रखने की समझाइश की है। इस दौरान पुलिस टीम ने एक एक दुकान पर पहुंच दुकानदारो को समझाया। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि व्यापारी वर्ग और प्रशासन मिलकर प्रयास करें, तो जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
