बिजौलिया में मचेगा हड़कंप: चंपापुर में ‘एमडी ड्रग्स’ बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी खेप के साथ 3 तस्कर दबोचे!

वन क्षेत्र से सटे फार्म हाउस पर पुलिस की मेगा दबिश, ड्रग बनाने का भारी सामान बरामद; कास्या चौकी प्रभारी की सूचना पर थाना प्रभारी स्वागत पांड्या ने घेरा खेत, मौके पर पहुंचे एएसपी व डीवाईएसपी

बिजौलिया, स्मार्ट हलचल। भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया पुलिस ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए चंपापुर गांव में चल रहे अवैध एमडी ड्रग (मेफेड्रोन) बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने वन क्षेत्र से सटे एक फार्म हाउस पर अचानक दबिश देकर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और ड्रग बनाने में उपयोग होने वाली कच्ची सामग्री बरामद की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मौके से तीन तस्करों को भी राउंडअप किया गया है।

लंबे समय से चल रहा था अवैध नशे का काला खेल:

जानकारी के अनुसार, कास्या चौकी प्रभारी नरेश शर्मा को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पांड्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चंपापुर गांव स्थित एक खेत पर बने फार्म हाउस की घेराबंदी की। मौके से बड़ी मात्रा में तैयार रासायनिक नशीला पदार्थ और केमिकल बरामद हुए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, जांच तेज:
जंगल से सटे इलाके में बड़े स्तर पर ड्रग्स बनाने की सूचना मिलते ही मांडलगढ़ डीवाईएसपी सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे फार्म हाउस और आसपास के क्षेत्र को सील कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तस्करों ने इस ग्रामीण क्षेत्र में अपना मजबूत नेटवर्क फैला रखा था।

बिजौलिया पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब ड्रग सप्लाई के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस की आधिकारिक और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद बरामद नशीले पदार्थ की सटीक मात्रा, आरोपियों की पहचान और इस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े नामों का खुलासा हो सकेगा।