फूलियाकलां थाना परिसर में सीएलजी बैठक, ग्रामीणों ने रखीं कानून-व्यवस्था व सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं, एसपी ने किया थाना निरीक्षण
सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फूलियाकलां में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने फूलियाकलां थाना परिसर में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) सदस्यों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। बैठक में ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात एवं अवैध गतिविधियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जिन पर एसपी ने गंभीरता से चर्चा करते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान धनोप के प्रशासनिक प्रतिनिधि लक्ष्मण वैष्णव ने क्षेत्र की नदियों में लगातार हो रहे अवैध बजरी खनन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली गांवों और विद्यालयों के सामने से तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे हर समय बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि शिकायत के बावजूद पुलिस के पहुंचने से पहले ही बजरी माफिया सूचना तंत्र के कारण मौके से फरार हो जाते हैं।
एसपी सागर राणा ने इस गंभीर मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध खनन और बजरी माफियाओं के खिलाफ प्रभावी एवं निरंतर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक से पूर्व सीएलजी सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिला पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। इसके बाद एसपी ने फूलियाकलां थाने का निरीक्षण कर अभिलेखों, कार्यालय व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग, आमजन से संवेदनशील व्यवहार तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा अंजुम कायल, वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई, थानाधिकारी दिनेश कुमार, तहसीलदार रामदेव धाकड़ सहित बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
