अवैध बजरी खनन, निर्गमन और भंडारण की रोकथाम को लेकर बैठक हुई सम्‍पन्‍न

बूंदी- स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध बजरी खनन, निर्गमन और भंडारण पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लाखेरी और केशवरायपाटन उपखंड क्षेत्र स्थित चंबल घड़ियाल सेंचुरी में हो रहे अवैध बजरी खनन पर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान अतिरिक्‍त जिला कलक्‍टर ने संबंधित उपखंड अधिकारियों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने अवैध खनन में जब्त किए गए वाहनों और अब तक की गई जुर्माना राशि की वसूली की समीक्षा की। उन्‍होंने निर्देश दिए कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाएं। निर्देशानुसार गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स अवैध खनन के खिलाफ सघन अभियान चलाकर सख्त से सख्त कार्रवाई करें।

उन्‍होंने निर्देश दिए कि अवैध खनन की सटीक जानकारी और रोकथाम के लिए संबंधित क्षेत्रों में ड्रोन सर्वे करवाया जाएं। पकड़े जाने पर विभागीय नियमानुसार भारी जुर्माना राशि की वसूली की जाए। सभी उपखंड अधिकारी अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन करें। ये टीमें अवैध खनन की आशंका वाले क्षेत्रों में लगातार औचक निरीक्षण करें और मौके पर ही आवश्यक कानूनी कार्यवाही करें।

बैठक से संबंधित क्षेत्रों के उपखंड अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। अतिरिक्‍त जिला कलक्‍टर ने सभी अधिकारियों से जमीनी स्तर की स्थिति जानी और अवैध खनन पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए उनसे व्यावहारिक सुझाव भी मांगे, ताकि भविष्य की रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, बूंदी उपवन संरक्षक के.के. गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसवीर मीणा, माइनिंग व परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहें।