स्विफ्ट कार से 102 किलो 450 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया,नाकाबंदी देख खेतों में भागा ड्राइवर, साथी पकड़ा

मांडलगढ़ (स्मार्ट हलचल)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार (26 अप्रैल) को मांडलगढ़ थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए यूपी नंबर की एक स्विफ्ट कार से 102 किलो 450 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में लिप्त पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि कार चालक मौके से खेतों की तरफ भागने में सफल रहा।

नाकाबंदी देख खेतों में भागा ड्राइवर, साथी पकड़ा

जानकारी के अनुसार, डीएसटी प्रभारी एएसआई अशोक कड़वा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाडपुरा से मांडलगढ़ की तरफ आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार (UP 16 AL 0950) में अवैध मादक पदार्थ हो सकता है। इस सूचना पर मांडलगढ़ थानाधिकारी घनश्याम मीणा ने जाब्ते के साथ डाक बंगला पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी देखकर कार चालक गाड़ी रोककर खेतों में भाग गया, जबकि खलासी साइड बैठे युवक को पुलिस ने दबोच लिया।

7 कट्टों में भरा था डोडा चूरा, पंजाब का है आरोपी

पकड़े गए आरोपी की पहचान मनदीप (26) पुत्र सूखा बाजीगर, निवासी खानेवाल (पटियाला, पंजाब) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने फरार चालक का नाम बलदेव सिंह बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो उसमें 7 काले रंग के कट्टे मिले, जिनमें कुल 102.450 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा भरा हुआ था।

कार जब्त, एनडीपीएस में मामला दर्ज

पुलिस ने अवैध डोडा चूरा व तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है। मांडलगढ़ थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

इस बड़ी कार्रवाई में मांडलगढ़ थानाधिकारी घनश्याम मीणा और डीएसटी प्रभारी सउनि अशोक कड़वा सहित दोनों टीमों के जवानों का विशेष योगदान रहा।