गांवों में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने वाले सुनेल के डॉ. मीणा सम्मानित

ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सेवाओं के साथ शोध में भी योगदान की सराहना, कोटा में स्टेट ऑब्स्टेट्रिशियन एंड गाइनेकोलॉजिस्ट सोसाइटी राजस्थान ने दिया सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन
स्मार्ट हलचल
सुनेल 17 सितम्बर ।
सीमित संसाधनों के बीच ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर मातृ एवं प्रसूति स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सा शोध के क्षेत्र में निरंतर योगदान के लिए राजकीय इब्राहिम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुनेल के वरिष्ठ विशेषज्ञ स्त्री एवं प्रसूति रोग चिकित्सक डॉ. राम भरत मीणा को राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। कोटा में आयोजित कार्यक्रम में स्टेट ऑब्स्टेट्रिशियन एंड गाइनेकोलॉजिस्ट सोसाइटी, राजस्थान की ओर से उन्हें सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन प्रदान किया गया।
संस्था ने ग्रामीण क्षेत्र में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा चिकित्सकीय परिणामों में सुधार की दिशा में डॉ. मीणा के प्रयासों की सराहना की। डॉ. मीणा ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सा सेवाएं देने के साथ चिकित्सा शोध के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं।
भारतीय और अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों में शोध का संदर्भ
डॉ. मीणा द्वारा किए गए शोध कार्यों का बाद के भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों में तुलना, चर्चा और वैज्ञानिक संदर्भ के रूप में उपयोग किया गया है। यह ग्रामीण क्षेत्र में किए जा रहे चिकित्सा शोध की व्यापक वैज्ञानिक प्रासंगिकता को दर्शाता है। चिकित्सा सेवा, मातृ स्वास्थ्य परिणामों में सुधार और शोध—तीनों क्षेत्रों में उनके निरंतर प्रयासों से सुनेल और झालावाड़ जिले को चिकित्सा एवं शोध के क्षेत्र में पहचान मिली है। डॉ. मीणा को मिले इस सम्मान से क्षेत्र के चिकित्सा समुदाय में भी खुशी का माहौल है।