गंगापुर: पीएम श्री स्कूल में गीतांजलि ग्रुप ने दी 1.5 करोड़ की सौगात, अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला का लोकार्पण

विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन और शिक्षा का होना आवश्यक: जेपी अग्रवाल

रायपुर (किशन खटीक)

स्मार्ट हलचल|पीएम श्री स्कूल गंगापुर में गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल उदयपुर की ओर से स्वर्गीय श्री मगनी राम जी अग्रवाल एवं श्रीमती नर्मदा देवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला भवन का भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में गीतांजलि ग्रुप के चेयरमैन जेपी अग्रवाल एवं निदेशक अंकित अग्रवाल ने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया।

“शिक्षा ही जीवन का सबसे बड़ा आधार है। गंगापुर के इसी विद्यालय में पढ़कर मैंने आगे बढ़ना सीखा। व्यक्ति चाहे कितना भी बड़ा बन जाए, उसे अपनी मातृभूमि और विद्यालय को कभी नहीं भूलना चाहिए।” – जेपी अग्रवाल, चेयरमैन (गीतांजलि ग्रुप)

समारोह की सबसे भावुक झलक तब दिखी जब चेयरमैन जेपी अग्रवाल अपने बचपन के सहपाठियों से मिले और पुरानी यादें ताजा करते हुए उनके साथ नाचने लगे। उन्होंने अपने स्कूली जीवन के गुरुजनों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान भी किया। आयोजन समिति अध्यक्ष एडवोकेट कैलाश महता के नेतृत्व में सर्व समाज द्वारा अग्रवाल का अभूतपूर्व अभिनंदन किया गया।

प्रेरणास्रोत प्रयास: राज्यपाल के सलाहकार कैलाश सोडानी ने कहा कि जब उद्योग और समाजसेवी संस्थाएं शिक्षा से जुड़ती हैं, तो ग्रामीण प्रतिभाओं को नई दिशा मिलती है। गीतांजलि ग्रुप का यह प्रयास अन्य संस्थानों के लिए भी मिसाल है।

इस अवसर पर अंकित अग्रवाल, गीता देवी, गंगापुर मित्र मंडल अध्यक्ष लादूलाल हिरण, चेतनप्रकाश डीडवानिया, सीबीईओ राजेश शर्मा, अक्षय राज झाला, संस्था प्रधान गोवर्धन लाल सोनी सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।