वरिष्ठ नागरिक दिवस पर वरिष्ठजनों को मिली निःशुल्क चिकित्सा जांच व विधिक अधिकारों की जानकारी

अमृतकौर अस्पताल में आयोजित शिविर में वरिष्ठजनों की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ब्यावर की ओर से राजकीय अमृतकौर अस्पताल में वरिष्ठजनों के लिए निःशुल्क चिकित्सा जांच एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन जिला एवं सेशन न्यायाधीश, ब्यावर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश सोनल पारीख द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, ब्यावर के समन्वय से किया गया।शिविर में डॉ. महेन्द्र बेनीवाल, डॉ. हिमांशु फुलवारी, डॉ. जितेन्द्र फुलवारी, डॉ. हेमलता बाकोलिया, डॉ. नरेश गोठवाल, डॉ. कपिल देवड़ा सहित अन्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने वरिष्ठजनों की रक्तचाप, ब्लड शुगर, नेत्र, मानसिक स्वास्थ्य, फिजियोथेरेपी, आहार एवं पोषण सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें कीं तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।

इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र संजय सिंह गेहलोत ने वरिष्ठजनों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम-2007, निःशुल्क विधिक सहायता एवं वरिष्ठ नागरिकों के विधिक अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही नालसा की वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित योजनाओं, विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी अवगत कराया।

शिविर में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए उपस्थित वरिष्ठजनों को कपड़े की थैलियां वितरित की गईं। साथ ही एकल-उपयोग प्लास्टिक थैलियों के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। शिविर का उद्देश्य वरिष्ठजनों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।