खुले होद ने बुझा दी छह साल की गरिमा की जिंदगी, खेलते-खेलते पानी में गिरी मासूम

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|सहदेव नगर-बड़िया श्यामा क्षेत्र में बुधवार सुबह खुले पानी के होद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के पास खेल रही छह वर्षीय मासूम गरिमा पुत्री जितेंद्र सिंह रावत पैर फिसलने से पानी के होद में जा गिरी। काफी देर बाद परिजनों को उसके होद में गिरने का पता चला। परिजन उसे तत्काल राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार गरिमा अपनी मां के पास खेल रही थी। उसकी मां घर के काम में व्यस्त होकर कपड़े धो रही थी। इसी दौरान गरिमा खेलते हुए पास में बने पानी के होद के आसपास पहुंच गई। बताया जा रहा है कि होद का ढक्कन खुला हुआ था। खेलते समय अचानक पैर फिसलने से वह होद में गिर गई।

कुछ देर बाद गरिमा की मां ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आसपास तलाश करने के बावजूद बच्ची दिखाई नहीं दी। इस पर परिजनों को चिंता हुई। गरिमा के चाचा ने पानी के होद का ढक्कन खोलकर देखा तो बच्ची पानी में नजर आई। परिजनों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर साकेत नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।