विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचार एवं वैज्ञानिक मॉडल

आकोला
(रमेशचंद्र डाड )

स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरूंदनी में RSCERT के निर्देशानुसार एक दिवसीय विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी बाबूलाल बेरवा एवं विज्ञान सलाहकार समिति के सदस्य गोविन्द कुमार ने किया।
विज्ञान मेले में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विज्ञान आधारित मॉडल एवं चार्ट प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों द्वारा कुल 16 मॉडल एवं चार्ट तैयार किए गए, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, मानव मस्तिष्क, भूकंप से सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण, आधुनिक सिंचाई सहित विभिन्न वैज्ञानिक विषयों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।
विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जानकारी अतिथियों एवं शिक्षकों को दी। इस दौरान विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना देखने को मिली।
मॉडल प्रतियोगिता में यशवंत अहीर ने प्रथम, सागर तेली ने द्वितीय तथा शिव कुमार तेली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चार्ट प्रतियोगिता में देवराज पारीक प्रथम तथा नानकृष्ण प्रजापत द्वितीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार एवं समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी बाबूलाल बेरवा के उद्बोधन के साथ विज्ञान मेले का समापन हुआ। इस अवसर पर अध्यापक मुनेश मीना, ओमप्रकाश ,स्वयं जोशी, अंकुर बंजारा , राजेंद्र कुमार गुर्जर, विज्ञान मेला प्रभारी हेमराज वर्मा ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
फोटो कैप्शन : विज्ञान मेले में अपने मॉडल की प्रदर्शनी प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थी।