सीआईडी सुरक्षा आईजी डॉ. विष्णुकांत ने किया ब्यावर सदर थाने और डीएसबी का निरीक्षण; दिए कड़े निर्देश

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान सीआईडी (सुरक्षा) के महानिरीक्षक पुलिस (IG) डॉ. विष्णुकांत ने सोमवार को ब्यावर का दौरा कर जिला विशेष शाखा (DSB) और पुलिस थाना ब्यावर सदर का वार्षिक निरीक्षण किया।ब्यावर पहुँचने पर आईजी डॉ. विष्णुकांत को पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने जिला विशेष शाखा में गोपनीय दस्तावेजों के रखरखाव और कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। आईजी ने अधिकारियों को खुफिया तंत्र (Intelligence) को मजबूत करने, पासपोर्ट सत्यापन मामलों के त्वरित निस्तारण और अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

थाना परिसर और मालखाने का लिया जायजा

इसके उपरांत डॉ. विष्णुकांत ने ब्यावर सदर थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना भवन, शस्त्रागार, मालखाना, हवालात और रिकॉर्ड रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आईजी ने थाना स्टाफ को निर्देशित किया कि आमजन के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करें।

इस दौरान ब्यावर पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, सदर थानाधिकारी गजराज सिंह, डीएसबी प्रभारी कमल किशोर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।