वंदे मातरम् फुटबॉल महोत्सव संपन्न, तीन दिन खेला जोश और जुनून का संगम

(महेन्द्र)

फुटबॉल के रोमांचक मुकाबलों के साथ दौड़, साइकिल रेस व रस्साकशी में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|भारत विकास परिषद, वीर शिवाजी शाखा की ओर से विधायक खेल योजना के तहत आयोजित तीन दिवसीय ‘वंदे मातरम् फुटबॉल प्रतियोगिता एवं खेल महोत्सव’ का रविवार रात पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। समापन समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया सहित अनेक अतिथियों ने विजेताओं को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए।
फुटबॉल के 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग में मानसिंहका ब्लास्टर ने आनंदी किंग्स को हराकर खिताब जीता, जबकि 11 से 15 वर्ष वर्ग में अग्रवाल योद्धा ने आइकॉन वेलोसिटी को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
इसके अलावा दौड़, साइकिल रेस, हुला हूप और महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शाखा अध्यक्ष कमलेश बोड़ाना ने खेलों को अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का माध्यम बताया, जबकि संयोजक हरीश अग्रवाल ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच देना है। मुख्य प्रायोजक दौलत अग्रवाल ने भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को सहयोग देने का भरोसा दिलाया। आयोजन के अंत में खिलाड़ियों, कोच, सहयोगियों और प्रायोजकों का सम्मान किया गया।