पांच साल से लंबित राजस्व प्रकरणों पर जताई नाराजगी, प्राथमिकता से निस्तारण के दिए निर्देश
आईजी ने सीएलजी सदस्यों से कहा- पुलिस और प्रशासन के ‘आंख-कान’ बनकर करें काम
नगरपालिका में शहरी सेवा शिविर का लिया जायजा, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
बूंदी-स्मार्ट हलचल|संभागीय आयुक्त कोटा अनिल कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को नैनवां का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उपखंड अधिकारी कार्यालय, राजस्व न्यायालय और नैनवां नगरपालिका परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर (फॉलोअप) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) हरेन्द्र कुमार महावर, बूंदी जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव और पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।संभागीय आयुक्त ने राजस्व न्यायालय के निरीक्षण के दौरान पत्रावलियों की जांच की। उन्होंने 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित राजस्व प्रकरणों को लेकर नाराजगी जताते हुए तुरंत इनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने तरमीम शुद्धि, भूमि रूपांतरण और धारा 251-ए के तहत रास्ता दिलाने के मामलों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कोर्ट केस की सुनवाई भी की। इससे पूर्व, उन्होंने उपखंड कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में जाकर कर्मचारियों से रिकॉर्ड और कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
नैनवां थाना परिसर में आयोजित सीएलजी सदस्यों की बैठक को संबोधित करते हुए आईजी हरेन्द्र कुमार महावर ने कहा कि सीएलजी सदस्य पुलिस और प्रशासन के ‘आंख-कान’ हैं। समाज की हर छोटी-बड़ी घटना की जानकारी रखें और प्रशासन को अवगत कराएं। उन्होंने साइबर अपराधों और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आमजन को जागरूक करने की अपील की। आईजी ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा की दृष्टि से दुगारी पुलिस चौकी पर शीघ्र स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी और अपराध नियंत्रण के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
बैठक में पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रमोद जैन ने कीरों का झोंपड़ा से नैनवां शहर की सड़क ठीक कराने की मांग रखी। वहीं, अन्य सदस्यों ने उपजिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी दूर करने, नैनवां थाने का जाब्ता (पुलिस बल) बढ़ाने और देई थाने को अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने की बात कही। जिस पर संभागीय आयुक्त ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया और शहर की पेयजल आपूर्ति भी सुधारने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
शिविरों में आई शिकायतों का उसी दिन हो समाधान
संभागीय आयुक्त ने नैनवां नगरपालिका परिसर में शहरी सेवा शिविर के फॉलोअप कैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की स्टॉलों पर जाकर जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रकरणों की सूची बनाकर उनका उसी दिन निस्तारण किया जाए। इस दौरान आवासीय पट्टे जारी करने, बिजली कनेक्शन देने, अतिक्रमण हटाने और पीएम आवास (शहरी) योजना के तहत पात्र लोगों को आवास स्वीकृत करने तथा लंबित किश्तें जारी करने के निर्देश दिए गए। रीको के लिए आवंटित भूमि का सीमा ज्ञान कराने को भी कहा गया।
पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को आपसी समन्वय से कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती से पहले जलदाय विभाग को सूचना दी जाए ताकि जल आपूर्ति प्रभावित न हो।
शिविर के दौरान संभागीय आयुक्त ने पीएम स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए गए। इस अवसर पर नैनवां उपखंड अधिकारी भागचंद रैगर, पुलिस उपाधीक्षक ओम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहें।
