भडल्या नवमी पर गोरधा के श्रीमांगट देव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, विशाल भजन संध्या में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

भडल्या नवमी पर गोरधा के श्रीमांगट देव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, विशाल भजन संध्या में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल, लाल धागे सरकार ने ₹51 हजार और विधायक शत्रुघ्न गौतम ने ₹21 हजार का किया सहयोग

दिव्या वैष्णव के भजनों और अंतरराष्ट्रीय भवाई कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, दूसरे दिन भोजन प्रसादी के साथ दो दिवसीय धार्मिक आयोजन का हुआ समापन।

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के गोरधा स्थित श्रीमांगट देव मंदिर में भडल्या नवमी के शुभ अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। बुधवार शाम 7:15 बजे श्रीमांगटदेव नवयुवक मंडल के तत्वावधान में आयोजित विशाल भजन संध्या के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु दर्शन और भक्ति का लाभ लेने पहुंचे।
भजन संध्या के मुख्य अतिथि श्री लाल धागे सरकार महंत चंद्र प्रकाश जी महाराज रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि कांग्रेस नेता सांवर मल मीणा एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य देवेंद्र मेघवंशी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध भजन गायिका दिव्या वैष्णव (जोधपुर) ने गणेश वंदना से किया। इसके बाद उन्होंने “मेरी झोपड़ी में राम आएंगे…”, “दिलड़े का मोरया रे…” सहित अनेक भक्तिमय भजनों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। वहीं अंतरराष्ट्रीय भवाई नृत्य कलाकार अशोक पहाड़ियां एवं सुरेश राव ने रोमांचक और आकर्षक प्रस्तुतियों से देर रात तक श्रद्धालुओं का भरपूर मनोरंजन किया।
अपने संबोधन में श्री लाल धागे सरकार ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने मंदिर परिसर में निर्माण कार्य के लिए ₹51,000 तथा सम्मान स्वरूप ₹11,000 की राशि भेंट की। वहीं केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने भी ₹21,000 का सहयोग प्रदान किया। इसके अलावा अनेक श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं ने भी आयोजन में बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग किया।
कार्यक्रम में शोक्याखेड़ा, किडवा झोपड़ा, चिकल्या, टिटोड़ा माफी सहित आसपास के अनेक गांवों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते रहे।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश जांगिड़ ने किया। गुरुवार को दूसरे दिन श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण कर दो दिवसीय आयोजन का सफल समापन किया।