हर पंचायत रक्त पंचायत अभियान की शानदार शुरुआत, कांदा में पहले रक्तदान शिविर में 70 यूनिट रक्तदान

युवाओं के साथ युवतियों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, 40 से अधिक ने पहली बार किया रक्तदान

आकोला, स्मार्ट हलचल। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर पंचायत रक्त पंचायत अभियान के तहत कांदा गांव में आयोजित प्रथम रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 70 यूनिट रक्तदान किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कांदा में आयोजित शिविर का शुभारंभ सुबह 9 बजे हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं की भागीदारी देखने को मिली।

अभियान के संस्थापक गोपाल विजयवर्गीय ने बताया कि समस्त कांदा ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 40 से अधिक युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। वहीं युवतियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए निरमा जाट एवं दिव्या जाट सहित कई महिलाओं ने पहली बार रक्तदान किया।

शिविर की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि 8 रक्तदाताओं ने दुर्लभ रक्त समूह का रक्तदान किया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

रक्त संग्रहण का कार्य कोटड़ी श्याम ब्लड सेंटर की टीम द्वारा किया गया। शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को रक्तदाता सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्रामवासियों ने रक्तवीरों, सहयोगियों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे सामाजिक अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।