जोधपुर।स्मार्ट हलचल/सेवा भारती समिति जोधपुर की ओर श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह 2025 का आयोजन विक्रम संवत् 2081 बसंत पंचमी रविवार दिनांक 02 फरवरी 2025 को आदर्श विद्या मंदिर केशव परिसर, कमला नेहरू नगर में होगा। सेवा भारती समिति जोधपुर महानगर के अध्यक्ष श्री अशोक अग्रवाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि हिन्दू संस्कृति के 16 संस्कारों में विवाह (पणिग्रहण) संस्कार एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। लेकिन वर्तमान में विवाह समारोह में आर्थिक प्रदर्शन एवं दहेज प्रथा की समस्याओं के कारण विवाह संस्कार जटिल हो गया है जिसके चलते सामान्य व्यक्ति वैवाहिक आयोजन में कठिनाई अनुभव करने लगा है, इसलिए सेवा भारती सर्व सामान्य वर्ग को आडम्बरपूर्ण आर्थिक आयोजन एवं लेन-देन (दहेज) से मुक्ति दिलाकर समस्त समाज को स्वाभिमान के साथ अपने पुत्र-पुत्रियों के विवाह का आयोजन एक साथ एक मंच पर करने का अवसर प्रदान करता है। सेवा भारती द्वारा सामाजिक समरसता हेतु सर्वजातीय सामूहिक विवाह का आयोजन इस बार बसंत पंचमी को किया जा रहा है। विवाह समारोह में 23 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। विवाह समारोह में मुख्य वक्ता
राष्ट्रीय सेवा भारती के अखिल भारतीय स्वावलंबन प्रमुख माननीय विनोद कुमार बिड़ला व आतिथ्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के माननीय प्रांत संघ चालक हरदयाल वर्मा रहेंगे। श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह समिति के अध्यक्ष निर्मल गहलोत ने बताया कि सभी बाराते जूना खेड़ापति हनुमानजी मंदिर से रवाना होकर आखलिया चौराह होते हुए विवाह स्थल केशव परिसर में पहुंचेगी। महामंत्री राजेंद्र पालीवाल ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर सर्व समाज के पदाधिकारियों की ओर से बारातियों का स्वागत किया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए मातृशक्ति की समितियां बनाई गई है। जिसमें कुटिया प्रमुख, रंगोली प्रमुख, मंगल गीत प्रमुख सहित अन्य जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह समिति के अध्यक्ष निर्मल गहलोत ने बताया कि प्रात:10 बजे विवाह स्थल पर सभी बारातों का एक साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। वहीं दोपहर 12 बजे से पणिग्रहण संस्कार शुरू होगा। उसके पश्चात प्रीतिभोज का आयोजन होगा। पणिग्रहण संस्कार के बाद वर-वधू का आशीर्वाद समारोह होगा। विवाह समारोह समिति के कोषाध्यक्ष वरूण धनाडिया ने बताया कि विवाह समारोह संतों के मार्गदर्शन के अनुसार समाज में सामाजिक समरसता का संदेश देगा। आयोजन में अजनेश्वर आश्रम के संत शांतेश्वर महाराज, बड़ा रामद्वारा सूरसागर के प्रमुख संत, चांदपौल जूना रामद्वारा के अमृतराम महाराज व अन्य आश्रम के संत, संबोधि धाम के चन्द्रप्रभ सागर- ललितप्रभ सागर महाराज, युगल जोड़ी बाबा रामदेवजी मंदिर के संत अचलानंदगिरी महाराज, गुरूकृपा आश्रम गुरूओं का तालाब के संत राजारामजी- कृपाराम महाराज, चांदपोल बड़ा रामद्वारा के संत हरिराम शास्त्री व अन्य आश्रम के संत, गुरूसिंह सभा गुरूद्वारा के ज्ञानी जयपालसिंह , पाल बालाजी मंदिर के महंत रामेश्वरदास राकांवत, ईश्वर प्रेम आश्रम के साध्वी नित्यमुक्ताजी कथा प्रवक्ता भाई रविजी सहित अन्य संतों का मार्गदर्शन मिलेगा।
सेवा भारती समिति के मंत्री मोहनलाल करवा व सेवा भारती समिति के सहमंत्री जितेंद्र गौड ने बताया कि सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में सामाजिक समरसता, सादगी, समर्पण का दृश्य देखने को मिलेगा।