1.50 करोड़ के स्केटिंग ट्रैक की 9 महीने में उखड़ने लगी परतें, दरारों और गड्ढों से बच्चों की सुरक्षा पर सवाल

अभिभावकों ने राष्ट्रीय स्तर की स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से जांच कराने की मांग की, ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की उठाई आवाज

 

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।शहर में करीब 1.50 करोड़ रुपये की लागत से बने 200 मीटर के इंटरनेशनल स्टैंडर्ड स्केटिंग ट्रैक की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। उद्घाटन के कुछ ही महीनों बाद ट्रैक की सतह की परतें उखड़ने लगी हैं। जगह-जगह दरारें और गड्ढे होने के साथ कुछ हिस्सों में सतह दबने लगी है। इससे यहां अभ्यास करने वाले बच्चों और खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों ने चिंता जताई है।

 

जानकारी के अनुसार, नगर विकास न्यास (UIT) ने अप्रैल 2025 में ट्रैक निर्माण का टेंडर जारी किया था। मार्च 2026 में सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने इसका उद्घाटन किया था। लेकिन इतनी कम अवधि में ट्रैक की खराब होती स्थिति ने निर्माण गुणवत्ता और तकनीकी निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

अभिभावकों का कहना है कि स्केटिंग के दौरान खिलाड़ी तेज गति से अभ्यास करते हैं। ऐसे में उखड़ी सतह, दरारें और गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन हुआ या नहीं तथा बेस, बिटुमिनस लेयर और सरफेस कोटिंग की गुणवत्ता की जांच की गई थी या नहीं।

 

अभिभावकों ने ठेकेदार की ओर से प्रस्तुत सभी टेस्ट रिपोर्ट, निर्माण सामग्री के नमूनों और संबंधित लैब की NABL मान्यता का सत्यापन करवाने की मांग की है। साथ ही ठेकेदार के डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (DLP) के तहत जिम्मेदारी तय करने और निर्माण की निगरानी करने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने की बात कही है।

 

संचालन के MOU पर भी उठे सवाल

 

ट्रैक के संचालन और रखरखाव को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर सवाल उठाए गए हैं। नगर विकास न्यास की ओर से संचालन के लिए EOI जारी की गई थी, लेकिन अभिभावकों के अनुसार अब तक MOU की स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में सवाल है कि पिछले करीब नौ महीनों से ट्रैक का संचालन कौन कर रहा है और बच्चों की सुरक्षा व रखरखाव की जिम्मेदारी किसके पास है।

 

स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग

 

अभिभावकों ने खेल विभाग के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर की स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से ट्रैक की जांच करवाने की मांग की है। इसमें निर्माण की सभी परतों की मोटाई, सामग्री की गुणवत्ता, कोर कटिंग, टेस्ट रिपोर्ट, स्वीकृत DPR और अंतरराष्ट्रीय तकनीकी मानकों के अनुसार निर्माण का परीक्षण शामिल करने की मांग की गई है।

 

उन्होंने निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार के सत्ताधारी राजनीतिक दल में पदाधिकारी होने की चर्चा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यदि यह जानकारी सही है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अभिभावकों ने स्पष्ट किया कि किसी पर बिना जांच आरोप लगाना उद्देश्य नहीं है, लेकिन सरकारी धन से बने खेल परिसर में गुणवत्ता से समझौता पाए जाने पर ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।

 

अभिभावकों की मांग है कि जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और ट्रैक को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित बनाने के बाद ही बच्चों का अभ्यास संचालित किया जाए। उनका कहना है कि बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।