नरेश कुरेडा
पीपलू। स्मार्ट हलचल।मांसी बांध की नहरों में सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने के बाद किसानों को राहत की उम्मीद जगी है, लेकिन नहरों की सफाई को लेकर विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नहरों में पानी के बीच जगह-जगह दस-दस फीट लंबे बबूल के पेड़ खड़े दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में नहरों की सफाई के नाम पर हुई खानापूर्ति की तस्वीर साफ नजर आ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नहरों की सही तरीके से सफाई की गई होती तो पानी के अंदर इतने बड़े-बड़े बबूल के पेड़ नजर नहीं आते। केवल ऊपर-ऊपर झाड़ियां हटाकर सफाई के नाम पर लीपापोती करना किसानों के साथ अन्याय है।
नहरों में झाड़ियां और बबूल के पेड़ होने से पानी के प्रवाह में रुकावट आने तथा जगह-जगह पानी ओवरफ्लो होने की आशंका बनी हुई है। इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
अब सवाल यह है कि जब नहरों की सफाई हुई थी तो पानी के अंदर दस-दस फीट लंबे बबूल के पेड़ कैसे खड़े रह गए? संबंधित विभाग इस ओर कब ध्यान देगा?