अनिल जांगिड़
स्मार्ट हलचल।राजकीय नारायण उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिजयनगर के खेल मैदान में लगाए गए लगभग 106 वृक्षों की कथित रूप से निर्ममतापूर्वक कटाई किए जाने के विरोध में भारत विकास परिषद मुख्य शाखा विजयनगर एवं कोगटा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा।
तहसीलदार की अनुपस्थिति में तहसीलदार प्रतिनिधि ओमप्रकाश को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि करीब 10 से 12 फीट ऊंचे इन वृक्षों का पिछले तीन वर्षों से नियमित रूप से पानी, दवा एवं देखभाल कर संतान की तरह पालन-पोषण किया जा रहा था। ऐसे में इन वृक्षों की कटाई से सामाजिक संगठनों एवं आमजन में गहरा आक्रोश है।
ज्ञापन में मांग की गई कि यह अक्षम्य कृत्य किसके आदेश एवं किसके द्वारा किया गया, इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधियों ने कहा कि एक ओर सरकार पर्यावरण संरक्षण पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर इस प्रकार वृक्षों की कटाई अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद मुख्य शाखा के साथ भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा, लायंस क्लब मुख्य, लायंस क्लब रॉयल, लायंस क्लब क्लासिक, भारतीय जैन संगठना एवं जैन सोशल ग्रुप विजयनगर के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
