जहाजपुर, (मोहम्मद आज़ाद नेब), स्मार्ट हलचल। उपजिला चिकित्सालय जहाजपुर में मरीजों और खासकर महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से प्रतीक्षित नई सोनोग्राफी मशीन का आज अस्पताल परिसर में विधिवत उद्घाटन कर दिया गया। क्षेत्रीय विधायक गोपीचंद मीणा ने मशीन का शुभारंभ कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया।
20 साल पुरानी मशीन खराब होने से थी परेशानी
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में पूर्व से लगी करीब 20 वर्ष पुरानी सोनोग्राफी मशीन काफी समय से खराब पड़ी थी। इस वजह से मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए निजी सेंटरों या अन्य शहरों की ओर रुख करना पड़ता था, जिससे उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। चिकित्सालय प्रशासन की मांग और विधायक गोपीचंद मीणा के प्रयासों से लगभग 15 दिन पूर्व आरएमसीएल (RMCL) जयपुर के माध्यम से यह नई मशीन अस्पताल को मिली थी। पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) पंजीयन और इंस्टॉलेशन के बाद आज इसे चालू कर दिया गया है।
गर्भवती महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता
चिकित्सालय के सोनोलॉजिस्ट डॉ. जी.पी. गोयल ने बताया कि फिलहाल गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी जांच प्राथमिकता से की जाएगी, जिससे क्षेत्र की महिलाओं को अब जांच के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें समय पर उचित इलाज मिल सकेगा।
जल्द भरे जाएंगे चिकित्सकों के रिक्त पद
उद्घाटन के पश्चात प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) डॉ. नईम अख्तर ने विधायक एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को पूरा करने का आग्रह किया।
इस पर विधायक गोपीचंद मीणा ने क्षेत्र में बेहतर एवं सुचारू चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए आगामी कुछ महीनों में रिक्त पदों को भरने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, नगर के गणमान्य नागरिक एवं चिकित्सालय स्टाफ उपस्थित रहा।
