युवक लापता, परिजनों ने धमकी व मारपीट का लगाया आरोप — 2 दिनों बाद सकुशल मिला युवक

मांडल । सुरेश चन्द्र मेघवंशी

भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। सिडियास निवासी नारायण मेघवंशी ने अपने भाई जितेन्द्र मेघवंशी (25) के लापता होने की रिपोर्ट मांडल थाने में दी थी । प्राप्त जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र 12 अप्रैल 2026 से घर नहीं लौटा था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया, जिससे परिवार में चिंता बढ़ गई। रिपोर्ट में परिजनों ने आरोप लगाया कि उसी दिन गिरधारी कुमावत नामक व्यक्ति ने जितेन्द्र का पीछा किया, उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। परिजनों का कहना था कि इस घटना के बाद ही जितेन्द्र लापता हो गया, जिससे उन्हें उसकी सुरक्षा को लेकर आशंका थी। हालांकि, मामले में राहत भरी खबर सामने आई जब लापता युवक जितेन्द्र मेघवंशी आज मंगलवार को दोपहर अपने गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर रावो का खेड़ा बस स्टैंड पर सकुशल मिल गया। जैसे ही परिजनों को इसकी सूचना मिली, उन्होंने तुरंत मांडल थाने में जानकारी दी और युवक के सुरक्षित मिलने पर प्रशासन का आभार व्यक्त किया।