जयपुर को मिली ई-बसों की सौगात, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 29 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी

महिलाओं, दिव्यांगों और यात्रियों को बेहतर सुविधा, जयपुर-भीलवाड़ा में शुरू हुई प्रधानमंत्री ई-बस सेवा

अजय सिंह (चिंटू)

जयपुर। स्मार्ट हलचल।राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के नागरिकों के लिए शनिवार का दिन सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि लेकर आया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत अमर जवान ज्योति से 29 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भीलवाड़ा में 18 इलेक्ट्रिक बसों का भी शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में प्रदेश को 675 और दूसरे चरण में 475 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। कुल 1150 बसें राजस्थान के विभिन्न शहरों में संचालित होंगी तथा आने वाले समय में इनकी संख्या 2000 से अधिक करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरों में प्रदूषण कम होगा, यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और आमजन को सुरक्षित, आरामदायक एवं किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी। इन बसों में महिलाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे सभी वर्गों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक परिवहन का लाभ प्राप्त करे। उन्होंने विश्वास जताया कि ई-बस सेवा से लोगों को निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त इलेक्ट्रिक बस का निरीक्षण किया तथा अमर जवान ज्योति से स्टेट हैंगर तक बस में यात्रा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान वर्ष 2047 तक विकसित राजस्थान के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और प्रदेश में हर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने आगामी मानसून को देखते हुए प्रदेश में 10 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य की भी जानकारी दी तथा आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से किए गए संकल्पों को पूरा करने के साथ-साथ उससे अधिक कार्य करने का प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, शासन सचिव रवि जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। वहीं भीलवाड़ा में विधायक उदयलाल भड़ाना और अशोक कोठारी सहित स्थानीय नागरिक कार्यक्रम से जुड़े।