जमीनी धोखाधड़ी केस में कारोबारी अनिल छाजेड़ फिर गिरफ्तार, घर की तलाशी में मिले खाली स्टांप पेपर, रिमांड अवधि पूरी होने पर कोर्ट ने भेजा जेल

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। जमीनी धोखाधड़ी के मामले में प्रताप नगर थाना पुलिस ने कारोबारी अनिल छाजेड़ को प्रोडक्शन वारंट के तहत जेल से गिरफ्तार कर दोबारा पूछताछ की।

प्रताप थाना प्रभारी सुनील ताडा ने बताया कि जमीनी धोखाधड़ी के मामले में आरोपी अनिल छाजेड़ को जेल से पुनः प्रोडक्शन वारंट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के मकान की गहन तलाशी ली, जहां से कुछ खाली स्टांप पेपर बरामद हुए। इन स्टांप पेपरों के उपयोग और उनसे जुड़े संभावित दस्तावेजों की पुलिस गहन जांच कर रही है।

ताड़ा ने बताया कि रिमांड अवधि पूरी होने पर आज आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों और साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है तथा प्रकरण के हर पहलू की पड़ताल जारी है।