हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)।
तहसील हमीरगढ़ में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत 16 मई से शुरू होकर 14 जून मध्यरात्रि तक चलने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य का निरीक्षण उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. सोनलराज कोठारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी तथा तहसीलदार हमीरगढ़ भंवरलाल सैन द्वारा किया गया।
फील्ड विजिट के दौरान अधिकारियों ने ग्राम श्रीरामनगर, गुवारड़ी एवं स्वरूपगंज के जनगणना ब्लॉकों का निरीक्षण कर मकान सूचीकरण सहित विभिन्न जनगणना कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान निदेशालय से नियुक्त भीलवाड़ा जिले के मास्टर ट्रेनर विरेन्द्र शर्मा ने फील्ड में आ रही तकनीकी समस्याओं के संबंध में पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों का मार्गदर्शन किया।
निरीक्षण के पश्चात तहसील कार्यालय हमीरगढ़ में उप जिला जनगणना अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी की अध्यक्षता में पर्यवेक्षकों की साप्ताहिक जनगणना प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फील्ड में आ रही तकनीकी एवं अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जनगणना ब्लॉकों के नजरी नक्शों की जांच भी की गई।
अधिकारियों ने जनगणना कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा प्रगणकों के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डॉ. सोनलराज कोठारी ने नागरिकों से जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में प्रगणकों का सहयोग करने एवं सही व सटीक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
बैठक में मास्टर ट्रेनर विरेन्द्र शर्मा, जिला जनगणना कार्यालय से सहायक सांख्यिकी अधिकारी विनोद खोईवाल, फील्ड ट्रेनर नीरज गंगवाल एवं दीपक शर्मा सहित तहसील हमीरगढ़ के सभी पर्यवेक्षक तथा जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिक राजेन्द्र तिवाड़ी एवं हरीश गंगवाल उपस्थित रहे।
