Thursday, May 21, 2026

ऑनलाइन बेटिंग एप्स के प्रचार पर शाहपुरा के पवन साहु से पुछताछ

भीलवाड़ा । जिले के शाहपुरा निवासी पवन साहू इन दिनों ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टेबाजी एप्स के प्रचार को लेकर विवादों में घिर गए हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार पवन साहू पर सोशल मीडिया पर अपनी लाखों की फैन फॉलोविंग का उपयोग कर युवाओं को ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म की ओर आकर्षित करने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि वह इंस्टाग्राम वीडियो में आलीशान जिंदगी, करोड़ों रुपए कैश, सोने के बिस्किट, हेलीकॉप्टर राइड और महंगी गाड़ियों जैसे Land Rover Defender, Mahindra Scorpio और Mahindra Thar का प्रदर्शन कर लोगों को “जल्दी अमीर बनने” का लालच देते थे। आरोप है कि वीडियो में दिए गए लिंक से यूजर्स टेलीग्राम चैनलों पर पहुंचते थे, जहां ऑनलाइन गैंबलिंग साइट्स का प्रचार किया जाता था। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने संबंधित URL और डिजिटल सबूत जुटा लिए हैं तथा सोशल मीडिया कंपनियों से डाटा मांगा जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित प्रचार से कितनी अवैध कमाई हुई और उससे कौन-कौन सी संपत्तियां खरीदी गईं। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार मामला मनी लॉन्ड्रिंग, साइबर अपराध, अवैध सट्टेबाजी और भ्रामक विज्ञापन कानूनों से जुड़ सकता है तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) जैसी एजेंसियां भी जांच कर सकती हैं। फिलहाल पूरे मामले में आधिकारिक जांच जारी है।