चतुर्थ जाट संगम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प, कोटड़ी में जुटे समाज के पंच-पटेल

:- वैष्णव समाज की धर्म बेटी का भी होगा निशुल्क विवाह, रजिस्ट्रेशन सहित पूरा खर्च उठाएगा जाट समाज
:- भामाशाहों ने दिया 5 लाख का सहयोग व अन्य सामग्री
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|सामाजिक एकता, भाईचारे और विवाह समारोहों में बढ़ती फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आगामी 11 दिसंबर को कोटड़ी मुख्यालय स्थित मेवाड़ के ऐतिहासिक धाम श्रीचारभुजानाथ मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले चतुर्थ जाट संगम सामूहिक विवाह सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जाट समाज ने कमर कस ली है। राजस्थान मेवाड़ जाट महासभा के आह्वान पर आयोजित बैठक में समाज के पंच-पटेलों एवं प्रबुद्धजनों ने एकजुट होकर सम्मेलन को भव्य स्वरूप देने का संकल्प लिया। बैठक में राजस्थान मेवाड़ जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष शंकरलाल कुड़ी, महामंत्री शोभाराम तोगड़ा, जिलाध्यक्ष देवबक्ष ढाबरढीमा, जाट कर्मचारी वेलफेयर सोसायटी भीलवाड़ा के धीरज भदाला एवं शंकरलाल गोदारा तथा आदर्श जाट महासभा के जिलाध्यक्ष पूषाराम भादू सहित समाज के पंच-पटेल एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे। वक्ताओं ने समाज के प्रत्येक परिवार तक सम्मेलन का संदेश पहुंचाने और अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

वैष्णव समाज की बेटी का विवाह करवाकर पेश की मिसाल
बैठक में सामाजिक समरसता और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करते हुए समाज के पंच-पटेलों ने निर्णय लिया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन में जाट समाज के जोड़ों के साथ वैष्णव समाज की एक धर्म बेटी का विवाह भी पूरे सम्मान के साथ करवाया जाएगा। इस बेटी के विवाह का रजिस्ट्रेशन शुल्क सहित संपूर्ण खर्च जाट समाज की ओर से वहन किया जाएगा। समाजजनों ने कहा कि बेटियों का सम्मान और जरूरतमंद परिवारों की सहायता जातिगत सीमाओं से ऊपर है। यह पहल सामाजिक एकता और सर्वसमाज के प्रति सहयोग की भावना को मजबूत करेगी।

भामाशाहों ने बढ़ाया सहयोग के लिए हाथ, जुटे 5 लाख रुपए व सामग्री

सम्मेलन को सफल बनाने के लिए समाजबंधुओं ने बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग किया। समाज के भामाशाह रामकुँवार गोरा बछखेड़ा, शाहपुरा की ओर से 10 बोरी शक्कर देने की घोषणा की गई। वहीं स्थायी भामाशाहों के सहयोग से 5 लाख रुपए की राशि एकत्रित हुई। समाजजनों ने इसे सामूहिक आयोजन के प्रति समाज की एकजुटता और सेवा भावना का प्रतीक बताया।

सादगीपूर्ण विवाह और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन पर जोर

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन केवल विवाह संपन्न करवाने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सहयोग और सकारात्मक बदलाव का अभियान है। विवाह समारोहों में बढ़ते दिखावे और अनावश्यक खर्चों को कम कर परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है। साथ ही दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा बेटियों के सम्मान और स्वाभिमान को प्राथमिकता देने की दिशा में सामूहिक विवाह महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान समाज के पंच-पटेलों एवं उपस्थित समाजबंधुओं ने आपसी मतभेद भुलाकर तन, मन और धन से सहयोग करने तथा 11 दिसंबर को कोटड़ी की पावन धरा पर आयोजित होने वाले चतुर्थ जाट संगम सामूहिक विवाह सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।