सीआईएसएफ इकाई में तनाव प्रबंधन एवं वर्क-लाइफ बैलेंस पर कार्यशाला आयोजित
कोटा। स्मार्ट हलचल।जेसीआई कोटा अचीवर्स द्वारा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारियों एवं जवानों के लिए तनाव प्रबंधन (स्ट्रेस मैनेजमेंट) एवं कार्य-जीवन संतुलन (वर्क-लाइफ बैलेंस) विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कोटा थर्मल पावर प्लांट स्थित सीआईएसएफ CISF इकाई में सीआईएसएफ प्रमुख डी.सी. हाओकिप की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
जेसीआई कोटा अचीवर्स के अध्यक्ष जेसी अक्षत बाबरिया जैन ने बताया कि सम्मेलन कक्ष में आयोजित डेढ़ घंटे के इस प्रशिक्षण सत्र में अधिकारियों एवं जवानों को मानसिक तनाव से निपटने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा व्यावसायिक और व्यक्तिगत जीवन के बीच संतुलन स्थापित करने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षक एचजीएफ मेघना ने तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता तथा कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को सीआईएसएफ मुख्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों पर भी सराहना एवं मान्यता प्राप्त हुई है।
प्रशिक्षण में उपस्थित सीआईएसएफ अधिकारियों एवं जवानों ने सत्र को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताते हुए ऐसी पहल को समय की आवश्यकता बताया। कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षा बलों के कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कार्यकुशलता को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया।
