PHED विभाग और ग्राम पंचायत की लापरवाही से ग्रामीण परेशान, 15 दिन से बंद पड़ा माता मंदिर मोहल्ले का हैंडपंप
अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल।भीषण गर्मी के दौर में ग्राम पंचायत बाकरा क्षेत्र के ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। पंचायत क्षेत्र में दर्जनों हैंडपंप खराब पड़े होने के बावजूद PHED विभाग और ग्राम पंचायत द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी समस्या समाधान की बजाय आंखें मूंदे बैठे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि माता मंदिर मोहल्ले में पिछले करीब 15 दिनों से हैंडपंप खराब पड़ा है, जिससे मोहल्लेवासियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं पशु चिकित्सालय के पास, श्मशान घाट क्षेत्र, राजपूत मोहल्ला तथा हीरालाल मेघवंशी के मकान के पास सहित पंचायत क्षेत्र के कई स्थानों पर लगे हैंडपंप भी खराब पड़े हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति में लगे हैं। समय रहते हैंडपंपों की मरम्मत नहीं होने से आमजन के साथ पशुओं को भी पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़े सभी हैंडपंपों को तत्काल ठीक करवाया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
