संत श्री दिग्विजयरामजी महाराज से पत्रकारों की आत्मीय भेंट, उपराणा ओढ़ाकर किया स्वागत अभिनंदन

श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव के दौरान आदर्श कॉलोनी स्थित आवास पर हुआ सौहार्दपूर्ण मिलन

निंबाहेड़ा, 13 मई 2026

स्मार्ट हलचल|सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव के अंतर्गत बुधवार दोपहर आदर्श कॉलोनी स्थित सोनी माहेश्वरी परिवार के निजी आवास पर रामस्नेही संप्रदाय के प्रखर संत एवं कथा वाचक संत श्री दिग्विजयरामजी महाराज से पत्रकारों की आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण भेंट हुई।इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बालमुकुंद राठी एवं ज़ाकिर हुसैन ने व्यासपीठ पर विराजमान संत श्री दिग्विजयरामजी महाराज का उपराणा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

भेंट के दौरान धर्म, समाज, संस्कार एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण को लेकर आत्मीय चर्चा हुई। संत श्री महाराज ने कहा कि धार्मिक आयोजनों एवं आध्यात्मिक विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। समाज में सकारात्मकता, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु मीडिया का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहा है।
पूरे वातावरण में आत्मीयता, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक भावनाओं का सुंदर समागम देखने को मिला।

उल्लेखनीय है कि निंबाहेड़ा में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं तथा संत श्री दिग्विजयरामजी महाराज की मधुर अमृतवाणी से भक्तिरस का रसपान कर रहे हैं।