भीलवाड़ा, 10 जून 2026। विश्वविख्यात संत एवं करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र परम पूज्य बाबा नीब करौरी महाराज, जो भगवान हनुमान जी के अनन्य भक्त के रूप में विश्वभर में पूजनीय हैं, के पावन कैंची धाम स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर भीलवाड़ा शहर में 15 जून 2026 को एक भव्य, विशाल एवं ऐतिहासिक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बाबा जी की असीम कृपा, आशीर्वाद एवं भक्तों की अथाह श्रद्धा के चलते यह आयोजन हर वर्ष आयोजित किया जाता है, लेकिन इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप दिया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार इस विशाल भंडारे में भीलवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु, भक्तगण एवं विभिन्न समाजों के लोग पहुंचकर प्रसादी ग्रहण करेंगे। पूरे आयोजन स्थल को बाबा नीब करौरी महाराज एवं हनुमान जी के जयकारों तथा आध्यात्मिक वातावरण से सजाया जाएगा। आयोजन के दौरान भक्तों को बाबा जी के जीवन दर्शन, सेवा भावना एवं मानव कल्याण के संदेश से भी अवगत कराया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी, शुद्ध पेयजल, बैठने एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है।
भक्तजन कई दिनों से सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात तैयारियां चल रही हैं। बाबा जी के प्रति समर्पित सेवाभावी कार्यकर्ताओं का मानना है कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है और इसी भावना के साथ यह विशाल भंडारा आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन समिति ने शहर एवं जिले के सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा प्रसादी ग्रहण करने की विनम्र अपील की है। इस आयोजन समिति में प्रमुख रूप से हेमेंदर अधिकारी, गजेन्द्र सिंह, दामोदर मूंदड़ा, सुशील लड्डा, विनिल गुप्ता, रूबल सिंह, प्रदीप नेगी, एडवोकेट विशाल गुप्ता, सूरज मोटवानी, महिपाल सिंह, संजीव सेठ, गोविंद अधिकारी, अभिमन्यु चौबे, सतेंदर पारीक, संजय पारीक, निरभव गंभीर एवं बंटू सहित अनेक सेवाभावी भक्तजन सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। आयोजन स्थल रामधाम चौराहा, ट्रांसपोर्ट नगर रोड, भीलवाड़ा है समय: प्रातः 10:00 बजे से रहेगा।
मीडिया प्रभारी मोहम्मद हारून रंगरेज ने बताया कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि मानव सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता का महापर्व है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित उपस्थित होकर प्रसादी ग्रहण करने की अपील की है। वहीं उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज की कृपा से यह आयोजन हर वर्ष श्रद्धा, सेवा और प्रेम का संदेश देता रहा है तथा इस वर्ष भी आयोजन भव्यता के नए आयाम स्थापित करेगा।
