तिलस्वा महादेव में होटल की आड़ में गंदा खेल? दर्शन के बहाने विवाहिता को होटल में ले जाकर युवक ने किया रेप

महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला, जांच के दौरान पत्रकार द्वारा संचालित होटल की गतिविधियों पर उठे सवाल

बिजौलिया। थाना क्षेत्र के तिलस्वा महादेव गांव स्थित एक होटल में महिला के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। क्षेत्र की एक महिला द्वारा होटल में उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया है , जिसके बाद पुलिस ने संबंधित होटल में दबिश देते हुए जांच शुरू की है । पुलिस की प्रारंभिक जांच में होटल की गतिविधियों को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

जानकारी के अनुसार महिला ने तिलस्वा स्थित महादेव गेस्ट हाउस ( होटल ) में दुष्कर्म की घटना का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और होटल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू की।

जानकारी में सामने आया है की संबंधित होटल ( गेस्ट हाउस) में लंबे समय से संदिग्ध एवं कथित अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिलती रही हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि होटल को लेकर पहले भी कई बार चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से मामला दबा रह जाता था। अब दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप सामने आने के बाद पूरे मामले की परतें खुलने लगी हैं।

क्षेत्र में चर्चा है कि जिस होटल ( गेस्ट हाउस ) में पुलिस ने दबिश दी है, उसका संचालन एक पत्रकार द्वारा किया जाना बताया जा रहा है।

धार्मिक महत्व रखने वाले तिलस्वा महादेव क्षेत्र में इस तरह का मामला सामने आने से स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, वहां यदि होटलों की आड़ में नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो यह पूरे क्षेत्र की छवि को धूमिल करने वाला मामला है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान होटल में आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड, ठहरने की व्यवस्था और अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा होटल संचालकों, कर्मचारियों और मामले से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।

थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया की क्षेत्र की एक महिला ने एक युवक पर दर्शन का बहाना कर होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने एवं ब्लैकमेल कर परेशान करने का आरोप लगाया है । पुलिस द्वारा प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।