हॉकी 19 वर्ष में महात्मा गांधी राजकीय स्कूल सूरौठ की टीम बनी विजेता
छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
सूरौठ। स्मार्ट हलचल|राज्य सरकार की ओर से शहर के विवेकानंद विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक स्कूल में चल रही छात्रा वर्ग की 70 वीं जिलास्तरीय माध्यमिक उच्च माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान शुक्रवार को कई रोमांचक मैच खेले गए। हॉकी 17 वर्ष खेल प्रतियोगिता में कैला देवी ट्रस्ट स्कूल कैला देवी ने इंदिरा गांधी उच्च माध्यमिक स्कूल सूरौठ की टीम को 3-0 से शिकस्त दी। प्रतियोगिता संयोजक व प्रधानाचार्य अवधेश शर्मा तथा वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक भूपाल सिंह मीणा ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में हॉकी, योगासन, बास्केटबॉल, जिमनास्टिक आदि खेल खेले जा रहे हैं। सभी खेलों में शुक्रवार को छात्रा खिलाड़ियों ने जीत के लिए पसीना बहाया। मैच शुरू होने से पहले प्रतियोगिता संयोजक अवधेश शर्मा, शारीरिक शिक्षा व्याख्याता वीरेंद्र सिंह राजावत आदि ने खिलाड़ियों से परिचय किया तथा विधिवत रूप से मैच शुरू करवाए। हॉकी 19 वर्ष के फाइनल मुकाबले में महात्मा गांधी राजकीय स्कूल सूरौठ ने विवेकानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरौठ को पेनल्टी शूट से 2-1 से पराजित किया। इसी तरह हॉकी 17 वर्ष में केला देवी ट्रस्ट केला देवी ने इंदिरा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरौठ को 3-0 से हराया। मैचों का दर्शकों ने भी खूब लुत्फ उठाया। मैचों को देखकर दर्शक रोमांचित हो गए। अन्य खेलों में भी खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया।